रायपुर 4 दिसंबर 2019। IAS चंद्रकांत उईके का आज दोपहर निधन हो गया। पिछले कुछ दिनों से वो मुंबई के रहेजा कैंसर अस्पताल में भर्ती थे, जहां इलाज के दौरान ही आज सुबह अचानक से उनकी हालत बिगड़ गयी, जिसके बाद उनका निधन हो गया। वो 55 साल के थे। चंद्रकांत उईके फिलहाल समाज कल्याण विभाग में संचालक के तौर पर पदस्थ थे।
राज्य प्रशासनिक सेवा से IAS प्रमोट हुए चंद्रकांत उईके राज्य में डीपीआर और लोक सेवा आयोग में सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे थे। चंद्रकांत उईके 2015 में आईएएस अवार्ड हुए थे। जानकारी के मुताबिक चंद्रकांत उईके पेनक्रियाज कैंसर से पीड़ित थे। दो महीने पहले ही उन्हें कैंसर डिटेक्ट हुआ था, जिसके बाद उन्हें टाटा मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
15 दिन पहले टाटा मेमोरियल अस्पताल से रहेजा कैंसर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी आज इलाज के दौरान मौत हो गयी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समाज कल्याण विभाग के संचालक पद पर पदस्थ भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी चन्द्रकांत उइके के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि स्वर्गीय श्री उइके ने राज्य शासन में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी। वे एक सहज, सरल, ऊर्जावान और लोकप्रिय अधिकारी थे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी के रूप में अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया। उनके निधन का समाचार हम सबके लिए अत्यंत दुखद है।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय श्री उइके के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के सचिव, संचालक आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग, संचालक जनसम्पर्क, संयुक्त सचिव आबकारी, संचालक संस्कृति एवं पर्यटन जैसे अनेक महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।
