धान खरीदी महाअभियान:राज्य के 12.70 लाख किसानों को ऑनलाईन 10133 करोड़ रूपए का भुगतान
- किसानों से अब तक 49.27 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी
- कस्टम मिलिंग के लिए 28.98 अधिक का हुआ उठाव
रायपुर/ मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में राज्य में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आकड़ा अनुमानित लक्ष्य 110 लाख मीट्रिक टन की ओर निरंतर बढ़ता जा रहा है। धान खरीदी महाअभियान के तहत अब तक 49 लाख 27 हजार मीट्रिक टन धान का उपार्जन हो चुका है, जिसके एवज में राज्य के 12 लाख 70 हजार किसानों को 10133 करोड़ रूपए का भुगतान बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत किया गया है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री के मागदर्शन में धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हुआ था। किसानों को धान विक्रय में सहुलियत एवं मिलर्स के धान उठाव के लिए बारदाने की भी बेहतर व्यवस्था केे कारण सफलतापूर्वक धान की खरीदी एंव कस्टम मिलिंग हुई थी। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए निरंतर धान का उठाव जारी है। अब तक 37 लाख 43 हजार मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया है, जिसके एवज में मिलर्स द्वारा 28 लाख 98 हजार मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है।
