दिव्यांग पर्वतारोही श्री चित्रसेन साहू ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

दिव्यांग पर्वतारोही श्री चित्रसेन साहू ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

  • मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने दिव्यांग पर्वतारोही को सहायता राशि देने रन फॉर सीजी प्राइड के दौरान की थी घोषणा
  •  दिव्यांग पर्वतारोही श्री चित्रसेन को 12.60 लाख रुपए दी जाएगी सहायता राशि

 

रायपुर, 14 दिसंबर 2021/ राजधानी रायपुर में आज आयोजित ‘रन फॉर सीजी प्राइड’ के दौरान मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने विश्व के तीन महाद्वीप के उच्च शिखर को फतह करने वाले दिव्यांग पर्वतारोही श्री चित्रसेन साहू को राज्य का गौरव बताया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद पर्वतारोहण अभियान को पूरा कर राज्य को गौरवान्वित करने के लिए श्री चित्रसेन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनका हौसला बढ़ाया। वहीं इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने दिव्यांग पर्वतारोही श्री चित्रसेन साहू को उनके चौथे पर्वतारोहण अभियान के लिए शासन की ओर से 12 लाख 60 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। उक्त राशि श्री चित्रसेन को सीएसआर मद से प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री की इस घोषणा पर दिव्यांग पर्वतारोही श्री चित्रसेन साहू ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार जताया। श्री चित्रसेन साहू ने ट्वीट के माध्यम से कहा, “आपके सहयोग के लिए सादर धन्यवाद माननीय मुख्यमंत्री जी। अब माउंट अकोंकागुआ की कठिन चढ़ाई कर छत्तीसगढ़ महतारी का नाम फिर से गौरवान्वित करने का पूरा प्रयास करूंगा।“

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में नई सरकार के गठन के बाद बीते तीन वर्ष में विकास का नया छत्तीसगढ़ मॉडल लोगों के सामने आया है। छत्तीसगढ़ में हर वर्ग के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं लागू करते हुए समावेशी विकास की दिशा में काम किया गया है। छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान और गर्व के इस मौके पर आज राजधानी रायपुर में ‘रन फॉर सीजी प्राइड’ का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर से 20 हजार से अधिक धावक शामिल हुए। इस आयोजन में विश्व के तीन महाद्वीप के उच्च शिखर को फतह करने वाले दिव्यांग पर्वतारोही श्री चित्रसेन साहू भी शामिल हुए।

The News India 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *